Sunday, August 10, 2025
Desh/Videsh

ISRO PSLV-C60 SpaDeX Mission Launch Today: इसरो आज लॉन्च करेगा PSLV-C60 SpaDeX मिशन, जानिए भारत के लिए क्यों है महत्वपूर्ण

ISRO PSLV-C60 SpaDeX Mission Launch Today: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आज रात अपने ऐतिहासिक SpaDeX (स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट) मिशन को लॉन्च करेगा। यह मिशन भारत के अंतरिक्ष अभियानों के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकता है। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC) से PSLV-C60 रॉकेट के जरिए इसे लॉन्च किया जाएगा।

क्या है SpaDeX मिशन?

SpaDeX मिशन का मुख्य उद्देश्य दो छोटे स्पेसक्राफ्ट—SDX01 (चेजर) और SDX02 (टारगेट) को पृथ्वी की निचली कक्षा (LEO) में डॉक कराना है। दोनों स्पेसक्राफ्ट का वजन 220-220 किलोग्राम है। यह प्रोसेस “स्पेस डॉकिंग” कहलाता है, जिसमें दो तेज़ी से चल रहे स्पेसक्राफ्ट्स को आपस में जोड़ने की तकनीक का परीक्षण किया जाता है।

इस तकनीक से भारत न सिर्फ अंतरिक्ष संचालन में दक्षता हासिल करेगा, बल्कि भविष्य में अपने अंतरिक्ष स्टेशन और जटिल मिशनों जैसे चंद्रयान-4 के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा।

ISRO PSLV-C60 SpaDeX launch: समय और लाइव स्ट्रीमिंग

PSLV-C60 SpaDeX मिशन का प्रक्षेपण आज रात 9:58 बजे किया जाएगा। इस लॉन्च की लाइव स्ट्रीमिंग इसरो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रात 9:30 बजे से शुरू होगी। आप घर बैठे इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बन सकते हैं।

भारत के लिए क्यों है यह मिशन महत्वपूर्ण?

अगर यह मिशन सफल होता है, तो भारत, रूस, अमेरिका और चीन के बाद स्पेस डॉकिंग तकनीक हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रमों को वैश्विक स्तर पर मजबूती देगी।

SpaDeX मिशन भारत के भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों की सफलता की नींव रखेगा। अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना से लेकर चंद्रमा और मंगल तक के मिशन को यह तकनीक और भी सरल बनाएगी।

यह देखना दिलचस्प होगा कि इसरो का यह प्रयास भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम को किस ऊंचाई तक ले जाएगा। लाइव स्ट्रीमिंग मत भूलिए, क्योंकि यह क्षण भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *